अंबिकापुर: सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट एवं स्कॉट ड्रिल का अवलोकन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों व जवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।निरीक्षण के दौरान डीआईजी-एसएसपी ने परेड में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट की जांच की तथा टोलीवार परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने अनुशासन, फिटनेस और बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद वाहन शाखा का निरीक्षण करते हुए शासकीय वाहनों की स्थिति, रखरखाव, लॉग बुक और दस्तावेजों की समीक्षा की गई। बीपी वाहन, जैमर वाहन सहित अन्य वाहनों को बेहतर स्थिति में रखने तथा रिकॉर्ड व्यवस्थित संधारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।आर्म्स शाखा और स्टोर शाखा के निरीक्षण में हथियारों के सुरक्षित रखरखाव, नियमित साफ-सफाई और आवश्यक उपकरणों की समय-समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस यूनिट बैंक के माध्यम से पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, सेवा भावना के साथ कार्य करने और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत बनाने की सीख दी।

इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय से जिले को मिले नए शासकीय वाहन का पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी सहित करीब 160 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!