

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के नेहरू पार्क में रविवार रात करीब 8 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। ग्राम लटोरी भण्डारपारा निवासी राधिका राजवाड़े पर एक अज्ञात युवक ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती के गले पर गंभीर चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया।घटना के बाद पार्क में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल राधिका को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।










