बलरामपुर: ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में जिले में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी जी रामजी) का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित वीबी जी राम जी सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ समारोह का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान योजना के उद्देश्यों, नवीन प्रावधानों एवं ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका से उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं श्रमिकों को अवगत कराया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर हुए शुभारंभ कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में बताया गया कि मनरेगा के स्थान पर अब वीबी जी राम जी लागू हो गई है, जिसके अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को 100 दिन की जगह अब वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी। साथ ही दैनिक मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे ग्रामीण श्रमिकों की आय और आजीविका को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में योजना के विभिन्न प्रावधानों, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्व-सहायता समूहों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र ग्रामीणों तक इसका लाभ पहुंचाने की बात कही गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  हीरामुनी निकुंज, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  नयनतारा सिंह तोमर सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण, समूह की महिलाएं, श्रमिकगण सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!