


नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में गौवंश वध के मामले में बेनूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौवंश का मांस, पका हुआ मांस, खाल, पैर, पूंछ के टुकड़े तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को थाना बेनूर को सूचना मिली कि ग्राम मालिंगनार के पटेलपारा में कुछ लोग गौवंश का वध कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दबिश देकर मौके पर 12 लोगों को गौवंश काटते हुए पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में गौवंश का मांस, पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े, खाल तथा घटना में प्रयुक्त एक टंगिया और दो धारदार छुरियां बरामद कर जब्त कीं। बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू की गई।प्राथमिक जांच में आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत दंडनीय पाया गया। इसके आधार पर थाना बेनूर में अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।गिरफ्तार आरोपियों में मंगलूराम सलाम (32), सिद्दू सलाम (58), मनकूर वड्डे (40), सुखमन करंगा (45), रामसिंग सलाम (35), इतवारु राम करंगा (42), मंगिया सलाम (30), सोमारू सलाम (27), मंगेल सलाम (50), मनकू वड्डे (40), सोमजी सलाम (30) तथा सन्नू (22) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मालिंगनार पटेलपारा, थाना बेनूर, जिला नारायणपुर के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





















