मध्य प्रदेश : जबलपुर रेलवे स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस में हुई करीब 10.5 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर दिया। महज दो घंटे के भीतर जीआरपी ने न केवल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, बल्कि चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान भी बरामद कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में सबसे अहम भूमिका एक एयरपॉड ने निभाई, जिसकी लोकेशन ने पुलिस को सीधे आरोपी तक पहुंचा दिया।

ट्रेन यात्रा के दौरान हुआ पर्स चोरी, यात्री ने तुरंत दी सूचना

जानकारी के अनुसार इटारसी निवासी नीलेश मालपानी अपनी पत्नी मानसी मालपानी के साथ अमरकंटक एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान मानसी के पर्स में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर एक शातिर चोर ने हाथ साफ कर दिया। घटना का पता चलते ही नीलेश तुरंत ट्रेन से उतरे और जबलपुर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

एयरपॉड की लोकेशन ने चोर तक पहुंचाया पुलिस को

शिकायत मिलते ही जीआरपी ने स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। इसी दौरान पता चला कि चोरी हुए पर्स में एक एयरपॉड भी रखा हुआ था। पुलिस ने तत्काल उसकी लोकेशन ट्रैक की, जिससे जांच को नई दिशा मिल गई।

लोकेशन शिवनगर, गोहलपुर क्षेत्र के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।

जेवर, नकदी और अन्य सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान बरामद कर लिया गया। तेज कार्रवाई के कारण पीड़ित परिवार को कुछ ही घंटों में अपना पूरा सामान वापस मिल गया।

पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है आरोपी

पुलिस ने आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रितेश आसवानी के रूप में की है। जीआरपी के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और वह कई मामलों में जेल भी जा चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की हो रही सराहना

महज दो घंटे के भीतर चोरी का खुलासा होने से जीआरपी की कार्रवाई की हर ओर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि हर मामले में इसी तरह तेजी और तकनीक का उपयोग किया जाए तो अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। यह मामला आधुनिक तकनीक और पुलिस की सतर्कता का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!