

इंदौर: मध्य प्रदेश में पहली बार डीजल की होम डिलीवरी की सुविधा शुरू की गई है। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इंदौर में 'जिप्प फ्यूल' सेवा की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब लोग घर, कार्यालय या कार्यस्थल पर बैठे ही डीजल मंगा सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा शहर के पल्सीकर कॉलोनी स्थित पेट्रो फिलिंग स्टेशन के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
इन मशीनों और उपकरणों के लिए मंगा सकेंगे डीजल
यह सेवा खासतौर पर जनरेटर, कृषि उपकरण, निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनों और अन्य डीजल आधारित उपकरणों के लिए शुरू की गई है। ग्राहकों को केवल डीजल की आपूर्ति की जाएगी। पेट्रोल की डिलीवरी इस सेवा में शामिल नहीं है।
डीजल की सप्लाई पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन द्वारा स्वीकृत विशेष कैन में की जाएगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
20 से 200 लीटर तक कर सकेंगे ऑर्डर
ग्राहक 20 लीटर से लेकर 200 लीटर तक डीजल मंगा सकते हैं। ऑर्डर 20 लीटर के गुणक में स्वीकार किए जाएंगे। यानी 20, 40, 60, 80, 100 लीटर या उससे अधिक मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाएगा।
व्हाट्सएप पर ऐसे करें डीजल बुकिंग
डीजल मंगाने के लिए ग्राहक को निर्धारित व्हाट्सएप नंबर पर केवल 'Hi' लिखकर संदेश भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट स्वत: सक्रिय होकर डीजल की मात्रा, डिलीवरी का पता और भुगतान से जुड़ी जानकारी लेगा। भुगतान के लिए ऑनलाइन और कैश ऑन डिलीवरी दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
चार घंटे के भीतर होगी डिलीवरी
कंपनी का दावा है कि ऑर्डर मिलने के बाद अधिकतम चार घंटे के भीतर डीजल ग्राहक तक पहुंचा दिया जाएगा। हर डिलीवरी के साथ पांच लीटर का प्रमाणित माप यंत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्राहक मौके पर ही डीजल की मात्रा की जांच कर सकेंगे।
हर कैन पर लगेगा 25 रुपये का सर्विस शुल्क
डीजल से भरे प्रत्येक कैन की डिलीवरी पर 25 रुपये का सर्विस चार्ज लिया जाएगा। डीजल पहुंचाने वाले विशेष वाहन में अग्निशमन यंत्र सहित सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। वहीं डिलीवरी करने वाला कर्मचारी केवल डीजल पहुंचाएगा ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर जनरेटर, मशीन या अन्य उपकरणों में स्वयं डीजल भरकर भी देगा, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।




















