बलरामपुर: बलरामपुर जिले  में इन दिनों फर्जी लोन पम्पलेट के माध्यम से ठगी की आशंका को लेकर पुलिस ने आम जनता को अलर्ट किया है। जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे पम्पलेट चस्पा किए गए हैं, जिनमें मात्र 2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 1 लाख से 5 लाख तक का लोन देने का दावा किया गया है। पम्पलेट में बिना किसी गारंटी और फाइल चार्ज के लोन उपलब्ध कराने की बात कही गई है, जो पहली नजर में ही लोगों को आकर्षित करती है।

इन पम्पलेट में एक मोबाइल नंबर दिया गया है, जिसके जरिए संपर्क करने पर क्यूआर कोड के माध्यम से प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क जमा करने के लिए कहा जाता है। पुलिस का कहना है कि यह ठगों का नया तरीका है, जिसमें लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी की जाती है।जिला बलरामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के ऑफर पूरी तरह से संदिग्ध हैं और आम नागरिकों को इनसे सावधान रहने की जरूरत है। पुलिस के अनुसार, ठग पहले भरोसा जीतने के लिए आकर्षक ऑफर देते हैं, फिर रजिस्ट्रेशन, बीमा या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे मांगकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।

बलरामपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के लोन ऑफर पर तुरंत विश्वास न करें। क्यूआर कोड या लिंक के जरिए अग्रिम भुगतान करने से बचें और केवल अधिकृत बैंक या वित्तीय संस्थानों से ही ऋण लें। यदि किसी को इस तरह के पम्पलेट या कॉल के बारे में जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल को सूचित करें।पुलिस ने चेतावनी दी है कि सतर्कता ही इस प्रकार की ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!