

लखनपुर/प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित अमेरा खुली खदान में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में गुरुवार तड़के सुबह लगभग 4 बजे कोयला चोरी करने पहुंचे संगठित गिरोह ने ड्यूटी पर तैनात जवानों पर पत्थरबाजी कर दी, जिससे एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, अमेरा खदान में तैनात त्रिपुरा स्टेट राइफल के जवान मोईन हसन ने जब खदान में घुसे ग्रामीणों के संगठित गिरोह को कोयला चोरी करते देखा, तो उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान जवानों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में जवान मोईन हसन के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।घटना के बाद साथी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को एसईसीएल केंद्रीय चिकित्सालय विश्रामपुर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद खदान में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में अमेरा खदान ओसीसी के सुरक्षा प्रभारी मोहम्मद रिजवान द्वारा लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं—329(3), 296(बी), 351(3), 115(2), 121(1) एवं 3(5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरी करने वाले गिरोह लगातार खदानों को निशाना बना रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

































