


बिलासपुर/मुंगेली। यादव एकता मंच छत्तीसगढ़ ने देव दिवाली (देव उठनी) के पावन अवसर पर संगठन विस्तार करते हुए दो महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। मंच ने महेश यादव (ग्राम परसदा, पौंसरा) को बिलासपुर जिलाध्यक्ष और इंद्रजीत यादव (पप्पू), निवासी नगर पंचायत पथरिया को मुंगेली जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
इन नियुक्तियों के बाद यादव समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल व्याप्त है। संगठन का कहना है कि यह कदम समाज की एकता, जागरूकता और विकास को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रदेशाध्यक्ष मनहरन यादवऔर प्रदेश महासचिव राजा यादव ने प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आई.पी. यादव की अनुशंसा पर इन दोनों जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की। संगठन ने बताया कि यादव समाज की वीरता, शौर्य और गौरवशाली इतिहास के बावजूद आज समाज में विभाजन और भेदभाव जैसी चुनौतियाँ हैं, जिन्हें एकता और संगठित प्रयासों से दूर किया जा सकता है।
यादव एकता मंच छत्तीसगढ़ वर्ष 2021 से राज्य स्तर पर पंजीकृत होकर सक्रिय रूप से समाज सेवा और संगठन निर्माण में जुटा है। संगठन लगातार सभी जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति कर समाज के हर वर्ग को जोड़ने का अभियान चला रहा है।नई नियुक्तियों पर प्रदेशभर के यादव समाज में बधाइयों का सिलसिला जारी है।
































