जशपुर: जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गट्टी महुआ निवासी सहलू राम ने 6 मार्च को थाना सन्ना में सूचना दी कि उसकी बड़ी बहन गोईदी बाई (48)  अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान मिले तथा उसके गुप्तांग में गंभीर चोट के चिन्ह पाए गए।पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि मृतिका की मृत्यु कठोर व भोंथरी वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचने के कारण हुई है, जो कि हत्या का मामला है। इसके बाद थाना सन्ना में हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतिका की सौतन फुला बाई से उसका विवाद हुआ था। बाद में मृतिका को खेत में बनी झोपड़ी में बुलाया गया, जहां चारों आरोपियों ने हड़िया पी। इसी दौरान आरोपी सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में संतान नहीं होने और पिता को कैंसर होने के पीछे मृतिका द्वारा जादू-टोना किया गया है। इसी शक में आरोपियों ने महिला पर हमला कर लकड़ी के डंडे से गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रखकर ऊपर कंबल डाल दिया। पुलिस ने जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने मामले में ठूपन राम (45), फुला बाई (48), सुनील राम (23) और सुरन्ती बाई (22) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!