

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में विदेशी स्कीम के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात महिला ने एक ही परिवार की पांच महिलाओं को अपना शिकार बना लिया। आरोपी महिला पुराने बर्तन बदलने और विदेश से रकम दिलाने का झांसा देकर मंगलसूत्र समेत सोने-चांदी के जेवर और कीमती बर्तन लेकर फरार हो गई।
परसदा माता चौरा निवासी ममता सूर्यवंशी पति मनोज सूर्यवंशी ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 29 दिसंबर को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर पर थी। इसी दौरान एक अज्ञात महिला पुराने और नए बर्तन लेकर उनके घर पहुंची। उस समय घर पर उनकी जेठानी शुक्रवारा बाई सूर्यवंशी और मिलापा बाई सूर्यवंशी भी मौजूद थीं।
महिला ने कहा कि पुराने बर्तन देने पर वह नए बर्तन उपलब्ध कराएगी और सोने-चांदी के जेवर की फोटो लेकर विदेश भेजेगी। फोटो खींचने के बाद जेवर वापस कर दिए जाएंगे और इसके बदले रकम भी दी जाएगी। झांसे में आकर ममता सूर्यवंशी ने पुराने बर्तन, सोने की माला, चांदी का हाफ करधन, छल्ला और एक जोड़ी पायल दे दिए। वहीं उनकी जेठानी शुक्रवारा बाई सूर्यवंशी ने पुराने बर्तन, चांदी की चैन और बिछिया सौंपे। जेठानी मिलापा बाई सूर्यवंशी ने एक सोने की माला और पायल, जबकि बहू ममता ने सोने का लॉकेट और टॉप्स महिला को दे दिए।
आरोपी महिला ने शाम 4 बजे तक डिजाइन दिखाकर नए बर्तन और सभी जेवर लौटाने की बात कही और अधिक पैसा देने का लालच देकर सामान अपने साथ ले गई। इसके बाद महिला वापस नहीं लौटी, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने ममता सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















