कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में एक महीने पहले हुई संदिग्ध मौत का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। ग्राम कटकोना स्थित कलारी में कार्यरत बसंत लाल की मौत अब हत्या साबित हुई है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी शालू और पुत्र विजेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को बसंत लाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन शव की स्थिति और परिस्थितियों को देखते हुए संदेह बना रहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में मामले की गहन जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के पारिवारिक जीवन और दिनचर्या की बारीकी से पड़ताल की। पता चला कि बसंत लाल शराब पीने का आदी था और अक्सर काम पर नहीं जाता था। वह घर के खर्च में भी सहयोग नहीं करता था, जिसके कारण परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती थी। इसी पारिवारिक कलह ने एक खौफनाक रूप ले लिया।सूक्ष्म जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि बसंत लाल की हत्या उसकी पत्नी और बेटे ने मिलकर की थी। दोनों ने आपसी साजिश के तहत लकड़ी से उसके गले और शरीर पर गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद सबूत छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ से कार्य करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। 23 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!