

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्कूटी और मोबाइल लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक अन्य साथी अब भी फरार है। पुलिस टीम द्वारा मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अशोक टोप्पो निवासी गोधनपुर ने 8 अप्रैल को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 5 अप्रैल की दोपहर वह अपनी स्कूटी (क्रमांक CG 15 CV 7728) से गुदरी से सब्जी लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान शिवधारी तालाब के पास उसे पहचान के युवक आदर्श टोप्पो और उसके साथी ने रोक लिया। दोनों ने स्कूटी मांगने पर इंकार करने पर प्रार्थी के साथ मारपीट की और जबरन स्कूटी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। जिसके रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/26 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश शुरू की।सतत प्रयास के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी आदर्श टोप्पो (उम्र 20 वर्ष, निवासी फुन्दुडिहारी बीचपारा, थाना गांधीनगर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लूटी गई स्कूटी और मोबाइल उसके फरार साथी के पास हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में चालान हो चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर सहित अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

































