


रायपुर: छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि रात और सुबह के समय अभी भी ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यभर में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा जैसे प्रमुख शहरों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे दोपहर के समय गर्मी का अहसास बढ़ गया है।
वहीं, रात के तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस कम बने हुए हैं, जिसके कारण सुबह और देर रात ठंडक बनी हुई है। इससे लोगों को दिन और रात के मौसम में साफ अंतर महसूस हो रहा है।फिलहाल प्रदेश में कोई भी सिनॉप्टिक सिस्टम सक्रिय नहीं है। हालांकि, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
































