रायपुर: उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार अगले दो दिनों तक सरगुजा संभाग के कुछ जिलों एवं बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि आगामी तीन दिनों के दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। वहीं मध्य एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, इसके बाद आगामी तीन दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। हालांकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। रायपुर शहर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 21 दिसंबर को हल्का कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने वाहन चालकों और किसानों को कोहरे के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। पेंड्रा में रात का तापमान 6.2 डिग्री और दुर्ग में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री रहा, जबकि रायपुर-माना में यह 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अधिकतम तापमान की बात करें तो दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर में दिन का तापमान 22.1 डिग्री रहा। कई जिलों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!