


अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: विकासखंड कुसमी अंतर्गत ग्राम दिवरी के ग्रामीणों ने गांव में बिना ग्राम सभा प्रस्ताव के किए जा रहे विद्युत कार्यों का विरोध करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग द्वारा नियमों की अनदेखी कर जबरन कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में विद्युत कार्य के लिए पंचायत का कोई वैध प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है, इसके बावजूद कार्य कराया जा रहा है। जब उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आदेश की प्रति दिखाने को कहा तो कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में पहले से ही 33 केवी का पावर हाउस स्थापित है, फिर भी नए स्थान पर कार्य कर जमीन का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भविष्य में निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है। साथ ही मुआवजा न मिलने और जबरन कार्य कराए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशासनिक दबाव में कार्य कराया जा रहा है और विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकाया जा रहा है। इस स्थिति में गांव के लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से ग्राम दिवरी में चल रहे विद्युत कार्यों पर रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। ज्ञापन पर ग्रामवासियों के हस्ताक्षर भी संलग्न हैं, जिससे स्पष्ट है कि यह मामला पूरे गांव की सहमति से उठाया गया है।
ज्ञापन सौंपने पहुचे ग्रामीणों को तहसीलदार कुसमी राँकी एक्का ने बताया कि आज हमारी टीम सीमांकन के लिए गई थी. तथा आप लोगों के द्वारा यह ज्ञापन दिया जा रहा है तो इस पर जांच करवा लेंगे।
































