


सूरजपुर: सूरजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फेयरवेल पार्टी से पहले स्कूली छात्र-छात्राओं ने हूटर बजाते हुए सड़कों पर रैली निकालकर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा दीं। यह मामला बिश्रामपुर स्थित डीएवी स्कूल से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां छात्रों का यह हुड़दंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, फेयरवेल कार्यक्रम से पहले दर्जनों छात्र-छात्राएं चारपहिया वाहनों पर सवार होकर हूटर बजाते हुए सड़कों पर घूमते नजर आए। इस दौरान न तो हेलमेट पहना गया और न ही यातायात नियमों का पालन किया गया। कई जगहों पर राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ा, वहीं ट्रैफिक भी बाधित हुआ।
कई लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर इस तरह के खुले उल्लंघन पर पुलिस मूकदर्शक क्यों बनी हुई है।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि छात्रों द्वारा हूटर का उपयोग किया गया, जो आमतौर पर केवल आपातकालीन वाहनों के लिए आरक्षित होता है। इससे न सिर्फ कानून का उल्लंघन हुआ बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों पर कब कार्रवाई होती है।
































