


महासमुंद: धान खरीदी में हो रही देरी से आक्रोशित किसानों ने सोमवार को पिथौरा तहसील कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। प्राथमिक कृषि साख समिति राजाडेरा से जुड़े सात गांवों के लगभग 90 किसान, जिनका अब तक धान नहीं बिक पाया है, दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों में धान भरकर तहसील कार्यालय की ओर रवाना हुए।
जब किसानों का काफिला पिथौरा पहुंचा, तो पुलिस ने उन्हें तहसील कार्यालय जाने से रोक दिया। इससे नाराज किसान रास्ते में ही ट्रैक्टर खड़े कर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।किसानों का कहना है कि उन्होंने समय पर धान उपार्जन केंद्र में जमा कराया था, लेकिन अब तक उनका धान नहीं खरीदा गया है। इससे वे आर्थिक संकट में फंस गए हैं। कई किसानों ने बताया कि धान बिक्री से मिलने वाली राशि से उन्हें कर्ज चुकाना, बीज-खाद खरीदना और पारिवारिक खर्च चलाना है, लेकिन भुगतान न होने से वे परेशान हैं।
































