

मध्य प्रदेश : के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम मुठिया चांदपुर में एक नवविवाहित जोड़े ने घर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू और उनकी 22 वर्षीय पत्नी काजल पटेल के रूप में हुई है।
प्रेम विवाह के तीन साल बाद उठाया खौफनाक कदम
दोनों ने प्रेम विवाह किया था और करीब तीन साल से साथ रह रहे थे। परिवार और गांव के लोगों के लिए यह घटना पूरी तरह अप्रत्याशित रही। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह जोड़ा इतना कठोर फैसला ले सकता है।
शादी की पोशाक पहनकर दी जान
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि आत्महत्या से पहले दोनों ने अपनी शादी के कपड़े पहने। राजेंद्र ने शादी का सूट पहना, जबकि काजल साड़ी में थी। इसके बाद दोनों ने एक ही रस्सी का इस्तेमाल करते हुए फांसी लगा ली।
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब भी स्पष्ट नहीं
सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सागर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है।
इलाके में पसरा सन्नाटा
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। गांव के लोग स्तब्ध हैं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस कदम के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
































