


कोरबा: शहर के राताखार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब जोड़ा पुल के नीचे नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा गया। सुबह के समय स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
नहर से बाहर निकाला गया शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
हत्या या हादसा, जांच जारी
शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है, जिसके चलते हत्या और दुर्घटना दोनों ही संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण सामने आ पाएंगे।
पहचान के लिए हर संभव प्रयास
पुलिस ने मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष आंकी है। पहचान के लिए जिले के सभी थाना और चौकियों को सूचना भेजी गई है। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी शव की जानकारी साझा की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द पहचान हो सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की तह तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच जारी है।

































