

अंबिकापुर: सरगुजा जिले दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खीरखीरी से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने शराब के नशे में अपने ही बेटे पर तीर-कमान से हमला कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खीरखीरी निवासी 22 वर्षीय राजेश कोरवा पर उसके पिता दशरथ कोरवा ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से और नशे की हालत में पिता ने घर में रखे तीर-कमान से बेटे के पेट में वार कर दिया।घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के आरक्षक और चालक ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल एम्बुलेंस तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे अंबिकापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल दरिमा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

































