


बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उत्तरप्रदेश निर्मित 18 लीटर ऑरेंज देशी मसाला शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 6,750 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर रघुनाथनगर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम के साथ ग्राम केसारी मोड़ के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।इस दौरान पुलिस ने मनोज कुमार गोड़ (25 वर्ष) और दयाशंकर (25 वर्ष), दोनों निवासी शिश टोला, थाना बभनी जिला सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 90 नग देशी मसाला शराब (कुल 18 लीटर) बरामद हुई।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
































