

सूरजपुर। सूरजपुर झिलमिली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत केवरा में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। नए मकान का निर्माण कार्य कर रहे दो मजदूर करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घर का मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम केवरा निवासी विपिन चंद जायसवाल के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। पुराने बिजली पोल को तोड़ने की जिम्मेदारी मजदूरों को दी गई थी। दोपहर करीब 12 बजे विपिन जायसवाल, मजदूर राम प्रसाद विश्वकर्मा और कल्लू मिलकर पोल हटाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान पोल हटाने में इस्तेमाल किए गए खुले तार पास से गुजर रहे बिजली के सर्विस तार से टकरा गए।करंट लगते ही तीनों झुलस गए। हादसे में मजदूर राम प्रसाद विश्वकर्मा और कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान मालिक विपिन जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल का इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। हादसे के बाद बिजली विभाग ने क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है।






















