सूरजपुर: सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुर में स्थित एक किराना एवं रेडिमेड कपड़ा दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, सोने के जेवर सहित कुल 93 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।

प्जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनपुर निवासी सदीक मोहम्मद ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मेन रोड स्थित किराना एवं रेडिमेड कपड़ा दुकान में अज्ञात चोरों ने रात के समय सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना 11 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जब वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पाया गया कि दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर गायब था, साथ ही गल्ले में रखे 6 हजार रुपये नगद, सोने के दो कंगन, गुटखा-सिगरेट, कपड़े, एटीएम व क्रेडिट कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी हो चुके थे।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चौकी बसदेई पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम शिवप्रसादनगर निवासी राहुल सोनवानी और मानसाय खरसनिहां घटना की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखे गए थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिस पर उन्होंने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर, 11,140 रुपये नगद, जीन्स पेंट, शर्ट, लोअर, कोट, शेरवानी सेट, गुटखा-सिगरेट, एटीएम, क्रेडिट कार्ड, पेन, आधार कार्ड एवं सोने के दो कंगन समेत कुल 93 हजार रुपये का सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी चोरी के मामलों में उनके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस ने मामले में संगठित अपराध की धारा जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्यवाही सीएसपी सूरजपुर बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, आरक्षक देवदत्त दुबे, महेन्द्र प्रताप सिंह, अभय तिवारी, निलेश जायसवाल, राकेश सिंह, आदित्य यादव, अशोक सिंह, अनिल विश्वकर्मा व अशोक केंवट सक्रिय रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!