

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना चांदों पुलिस ने मवेशियों की अवैध तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी अभिषेक गुप्ता ने थाना चांदों में लिखित आवेदन देकर बताया कि 07 सितंबर की रात करीब 8 बजे ग्राम करचा आश्रित छवारी पचफेड़ी के जंगल से दो व्यक्ति भैंस लेकर जा रहे थे। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम संजय यादव पिता महोदर यादव (32 वर्ष) एवं करमसाय पिता राधा नगेशिया (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जलबोथा थाना चांदों बताया। उनके पास से एक काले एवं एक भूरे रंग का भैंसा बरामद किया गया।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि ये दोनों व्यक्ति मवेशियों को झारखंड के बूचड़खाने ले जा रहे थे। रिपोर्ट पर थाना चांदों पुलिस ने अपराध क्रमांक 34/2025 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11(1)(डी) पशु क्रूरता अधिनियम 1960 के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी संजय यादव और करमसाय को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया।






















