बलरामपुर।  बलरामपुर जिले के  कोतवाली पुलिस ने गौ-वंशीय पशु तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी कयामुद्दीन अंसारी (49) एवं हदीश अंसारी (47) निवासी ग्राम मानपुर थाना रंका जिला गढ़वा, झारखंड के बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 4 मई 2025 को मुखबिर की सूचना पर बलरामपुर क्षेत्र से छह बैलों से भरा पिकअप वाहन पकड़ा गया था। मौके पर चालक व अन्य आरोपी फरार हो गए थे। मामले में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत अपराध दर्ज किया गया। इस प्रकरण में अब तक मुख्य आरोपी, दलाल और परिवहनकर्ता सहित कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ग्रामीणों से गाय-बैल खरीदकर उन्हें झारखंड ले जाकर बूचड़खाने में बेचते थे। इसी कड़ी में 2 जून 2025 को विशेष अभियान चलाकर झारखंड के अलग-अलग गांवों से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

ताजा कार्रवाई में पुलिस को 21 अगस्त को सूचना मिली कि फरार आरोपी कयामुद्दीन व हदीश अंसारी रामानुजगंज क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस प्रकार अब तक इस मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि गौ-तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी और जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!