


अंबिकापुर: सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में पैसे के लेन–देन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बांस के डंडे, लात–घूंसों से मारपीट कर युवक की हत्या कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भकुरा निवासी 25 वर्षीय सुटुल की संदिग्ध मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर पता चला कि 3 मार्च की रात से 4 मार्च की सुबह के बीच पैसे के लेन–देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान अजय पैकरा, छत्रपाल और एक विधि से संघर्षरत बालक ने मिलकर मृतक के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे, लात और घूंसों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 138/26 के तहत धारा 103 व 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद 24 घंटे के भीतर अजय पैकरा उर्फ जर्रा (19) और छत्रपाल (20) निवासी भकुरा चट्टीपारा को गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मृतक के साथ काम करते थे और काम के पैसे को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में गुस्से में आकर उन्होंने मारपीट की, जिससे सुटुल की मौत हो गई। घटना में प्रयुक्त डंडा पहले ही जप्त किया जा चुका है, वहीं अजय पैकरा के पास से घटना के समय पहना गया कपड़ा भी बरामद किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में एएसआई उमाशंकर पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सोमार साय, आरक्षक मंटू गुप्ता, शिव राजवाड़े, प्रमोद टेटे और अमर सिंह की टीम ने की।
































