

अम्बिकापुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संचालित हायर सेकेण्डरी मुख्य परीक्षा 2026 के हिन्दी विषय की पुनः परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में मण्डल के निर्देशानुसार मास्टर ट्रेनर द्वारा सभी केंद्राध्यक्षों एवं सहायक केंद्राध्यक्षों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर के हॉल में आयोजित बैठक में सरगुजा जिले के 71 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष सहित परिवहन कार्य में नियुक्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मण्डल से प्राप्त पीपीटी के माध्यम से परीक्षा संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा द्वारा दिए गए। प्रशिक्षण सत्र में रविशंकर पाण्डेय, प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल सेदम एवं एल.पी. गुप्ता, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मणिपुरवार्ड द्वारा परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा परीक्षा का संचालन पूर्ण सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की विसंगति न हो। बैठक में जानकारी दी गई कि परीक्षा पश्चात् मूल्यांकन कार्य 13 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा, जिसे 2 दिवस के भीतर पूर्ण किया जाना है। इसके लिए सभी हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि हिन्दी विषय के शिक्षकों को तत्काल मूल्यांकन केंद्र हेतु कार्यमुक्त करना सुनिश्चित करें।

































