


(अभिषेक सोनी) कोरिया। कोरिया जिले में बुधवार को शाम के लेकर देर रात तक चली अचानक और सख्त पुलिस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुर्रे के स्पष्ट निर्देशों पर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के नेतृत्व में थाना बैकुंठपुर तथा थाना चरचा क्षेत्र अंतर्गत देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ सड़कों पर मौजूद रहा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।इस विशेष अभियान में क्षेत्र के विभिन्न लॉज, ढाबा, होटल तथा सड़कों पर चलने वाले बिना नंबर के तीन पहिया वाहनों और तीन सवारी वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने वाहन दस्तावेजों, पहचान पत्रों और संदिग्ध व्यक्तियों की बारीकी से जांच की, जिससे असामाजिक तत्वों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।इसी क्रम में प्रेमाबाग क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों में भय का माहौल बन गया है।
काफी समय बाद इस तरह की अचानक और प्रभावशाली पुलिस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके तेज-तर्रार और सख्त रवैये से निश्चित रूप से अपराध पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का माहौल और मजबूत होगा। लोगों को उम्मीद है कि अवैध रूप से शराब पिलाने वाले होटल-ढाबों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने संचार टुडे सीजीएमपी न्यूज से चर्चा करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग और आकस्मिक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
































