


बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना रामानुजगंज पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बुलगांव निवासी पॉलिटेक्निक कॉलेज अरगाही के चौकीदार प्रदीप सिंह ने 5 मार्च 2026 को थाना रामानुजगंज में शिकायत दर्ज कराई कि 4 मार्च की रात दो युवक कॉलेज का गेट फांदकर परिसर में घुस गए और छत में लगी 6 नग स्ट्रीट एलईडी लाइट चोरी कर ले गए।रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 331(4), 305 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओम सरदार पिता मंगल सरदार (19 वर्ष) और प्रसन्नजीत मंडल पिता पुष्पजीत मंडल (22 वर्ष) दोनों निवासी सुभाषनगर चौकी तातापानी को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 एलईडी लाइट कीमत लगभग 21 हजार रुपये और चोरी में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल कीमत लगभग 1 लाख रुपये जब्त की गई। कुल 1,21,000 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।
दूसरे मामले में धनपुरी निवासी सूर्यकुमार ने 12 जनवरी 2026 को थाना रामानुजगंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोबाइल एसेसरीज और चॉइस सेंटर की दुकान में घुसकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने काउंटर से 5200 रुपये नकद और एक जियो कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया।मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 11/2026 धारा 303(2), 331(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी की पहचान अमन मिस्त्री पिता असीम मिस्त्री (21 वर्ष) निवासी तामेश्वर नगर के रूप में हुई, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 5 मार्च को आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 500 रुपये नकद, चोरी किया गया जियो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, प्रधान आरक्षक संजीव सिंह, महामाया सिंह और नागेश्वर पोर्ते की विशेष भूमिका रही।
































