बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन का अवैध परिवहन करते हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए हैं।

कुसमी थाना प्रभारी उप निरीक्षक विरासत कुजूर ने बताया कि 8 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी मनेश कुमार प्रजापति अपने दो साथियों के साथ झारखंड के महुआडांड़ की ओर से पल्सर मोटरसाइकिल में नशीले इंजेक्शन लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुसमी-कोरंधा मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोककर तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद सैफ, मनेश कुमार प्रजापति और पंकज प्रजापति तीनों निवासी कुसमी को पकड़ लिया। जांच में मनेश कुमार प्रजापति की मोटरसाइकिल तथा मोहम्मद सैफ और पंकज प्रजापति के संयुक्त कब्जे से 13 नग फेनिरामाइन मेलिएट (Avil) 10 एमएल इंजेक्शन और एक शीशी में लगभग 0.5 एमएल द्रव सहित कुल 130.5 एमएल नशीला पदार्थ बरामद किया गया। इसके अलावा एनआरएक्स बुप्रेनॉर्फिन (Rexogesic) 2 एमएल के 13 इंजेक्शन, कुल 26 एमएल मात्रा में मिले।

पुलिस ने जब्त नशीले इंजेक्शनों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत मामला दर्ज किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!