


सूरजपुर: सूरजपुर जिले में वन रक्षक के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वर्दी में वन गार्ड की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद वन विभाग ने संज्ञान लेते हुए संबंधित वन रक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवनगर क्षेत्र के वन बिट गार्ड सुखदेव को कुछ ग्रामीण युवकों ने नर्सरी परिसर में एक युवती के साथ होने के दौरान पकड़ लिया था। आरोप है कि युवकों ने युवती के सामने ही वन रक्षक की जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं, मोबाइल में गाने बजाकर उससे जबरन डांस भी कराया गया। वीडियो में युवकों द्वारा डंडे और बेल्ट से मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विभाग हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी ने देवनगर के वन रक्षक सुखदेव को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
फिलहाल विभागीय स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।
































