


चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि मध्य-एशिया में बने हालात के बावजूद राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पीएम मोदी की तारीफ और एक्साइज ड्यूटी में कटौती
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर आम जनता के लिए कीमतों को स्थिर रखा। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने हमेशा आपदा के समय देशवासियों के साथ खड़े रहने की नीति अपनाई है, चाहे कोरोना काल हो, अफगानिस्तान संकट या अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां।
पेट्रोलियम कंपनियों के साथ बैठक और आपूर्ति की स्थिति
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पेट्रोलियम कंपनियों के साथ बैठक की है। हरियाणा में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। राज्य में 4,032 सरकारी पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 4,804 किलो लीटर पेट्रोल और 12,003 किलो लीटर डीजल की बिक्री हो रही है। रसोई गैस की आपूर्ति भी संतोषजनक है, प्रतिदिन लगभग 2 लाख सिलेंडर प्राप्त और 1.9 लाख वितरित किए जा रहे हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर कार्रवाई
सीएम ने बताया कि गत 24 मार्च तक 928 एलपीजी सिलेंडर और 4 वाहन कब्जे में लिए गए, 66 आरोपियों की पहचान हुई और 8 FIR दर्ज की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है।
PNG और CNG नेटवर्क का विस्तार
हरियाणा में पीएनजी और CNG नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है। 13 लाख 33 हजार 603 लक्ष्यों में से 5 लाख 59 हजार 761 कनेक्शन लगाए गए, जिनमें से 3 लाख 32 हजार 162 चालू हो चुके हैं। पाइपलाइन नेटवर्क 28,377 किलोमीटर लंबा है और विभिन्न जिलों में तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
प्रदेशवासियों से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता घबराकर खरीदारी न करे और सरकार के प्रयासों में सहयोग करे। उन्होंने विपक्षी नेताओं से आग्रह किया कि वे आपदा के समय भ्रम फैलाने का प्रयास न करें।

































