

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोमवार की रात एक दुखद घटना घटी, जिसमें 20 वर्षीय तनिष्क कर्ष की स्कूल की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र में स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल की तीसरी मंजिल पर हुई।
हादसे की पूरी कहानी
जानकारी के अनुसार, तनिष्क अपने बड़े भाई अविनाश के साथ स्कूल की तीसरी मंजिल पर सो रहा था। अविनाश इस स्कूल में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। दोनों भाई सोमवार को चैनपुर गांव में रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल हुए थे। देर रात लौटने के कारण उन्होंने स्कूल की छत पर ही रात बिताने का निर्णय लिया।
कुछ देर बाद अविनाश को नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। जब वह पहुंचा, तो देखा कि उसका भाई तनिष्क छत से नीचे गिर चुका है। अविनाश के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी डायल 112 टीम को दी। आनन-फानन में तनिष्क को कोरबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया
जांच में पता चला कि दोनों भाई शराब के नशे में थे। नशे और नींद की वजह से तनिष्क संतुलन खो बैठा और छत से गिर गया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी और परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। आगे की कार्रवाई के लिए मामला संबंधित उरगा थाना को भेजा जा रहा है।

































