

कोरबा: कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज अंतर्गत हसदेव नदी किनारे ओड़ार बहरा के पास एक नवजात हाथी का शव झाड़ियों में फंसा मिला। वन विभाग के अनुसार मृत हाथी की उम्र लगभग एक सप्ताह थी और शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि हाल ही में सखोदा क्षेत्र में हथिनी ने बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद 27 हाथियों का झुंड आगे बढ़ गया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि नदी पार करते समय तेज बहाव में बहकर बच्चा यहां तक आ गया होगा। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
इस समय पसान रेंज के पनगंवा क्षेत्र में 54 हाथियों का बड़ा झुंड विचरण कर रहा है, जिसमें कई छोटे बच्चे भी शामिल हैं। वन विभाग ने सुरक्षा को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की अपील की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे फसलों को नुकसान और मकानों को क्षति पहुंच रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।






















