

जशपुर। जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के अग्बाधार, सरनाटोली में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक वृद्ध दंपति ने अपने ही सौतेले भाई पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला 12 अगस्त का है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले दुष्यंत राम ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा पिता पूषा राम (उम्र 72 वर्ष) आरोपी बुटुलराम (73 वर्ष) के घर गया था। आरोप है कि वहां बुटुलराम ने पूषा राम से झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद के दौरान बुटुलराम और उसकी पत्नी सुखमति बाई (67 वर्ष) ने लाठी से पूषा राम पर हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।गंभीर रूप से घायल पूषा राम को सरकारी अस्पताल कांसाबेल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 14 अगस्त को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा और घटना के वक्त पहने कपड़े भी जब्त किए गए।पुलिस पूछताछ में दंपति ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त सबूत मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल उप निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, राजेश यादव, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, आरक्षक सुभाष चंद्र बोस और सैनिक जोगेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी ने बताया कि कांसाबेल क्षेत्र में एक वृद्ध दंपति के द्वारा, अपने ही सौतेले भाई पर लाठी से वार किया गया था, जिसकी, कि ईलाज के दौरान मौत हो गई है, पुलिस ने दोनों दंपतियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है





















