अंबिकापुर: सरगुजा जिले में ट्रकों से डीजल चोरी के संगठित गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य खरीददार और सरगना रमेश गुप्ता (39 वर्ष) को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा  राजेश कुमार अग्रवाल  के निर्देश पर थाना लखनपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी रमेश गुप्ता चोरी का डीजल अन्य आरोपियों से 65 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदता था और फिर उसे 80 से 90 रुपये प्रति लीटर में वाहन चालकों को बेचकर मुनाफा कमाता था। इससे पहले इस गिरोह के चार सदस्य हीरालोनी, रोहित लोनी, धुव्र लोनी और बसंत लोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

पहले मामले में बिहार के औरंगाबाद निवासी ट्रक चालक राजू यादव ने 9 नवंबर 2025 की रात ग्राम जजगा, एनएच-130 के पास राजवाड़े ढाबा के समीप खड़ी अपनी ट्रक से 280 लीटर डीजल (26 हजार रुपये) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।दूसरे मामले में झारखंड के गढ़वा जिले निवासी सोनू प्रसाद यादव ने बताया कि 24 अक्टूबर 2025 की रात ग्राम सिंगीटाना के नरेन्द्र ढाबा के पास खड़ी तीन ट्रकों से कुल 680 लीटर डीजल (64,600 रुपये) चोरी कर लिया गया।इन मामलों में थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 282/2025 एवं 258/2025 धारा 305(सी), 3(5), 317(4), 111(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की गई।

पूछताछ में रमेश गुप्ता ने स्वीकार किया कि वर्ष 2022 में सूरजपुर जेल में रहते हुए उसकी पहचान डीजल चोरों से हुई। जेल से बाहर आने के बाद उसने इनके साथ मिलकर चोरी के डीजल की खरीद-बिक्री का अवैध नेटवर्क खड़ा किया।आरोपी के विरुद्ध कबीरधाम, जयनगर, जैतहरी, बिजुरी, लखनपुर, मणीपुर, कोतवाली और गांधीनगर थानों में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

थाना प्रभारी उप निरीक्षक सम्पत पोटाई  प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, रवि सिंह  आरक्षक असलम अंसारी, राजकुमार, राकेश एक्का की अहम भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!