बलरामपुर। बलरामपुर जिले के चौकी गणेशमोड़ क्षेत्र में सोमवार की रात करमा उत्सव देखने के बाद लौट रहे युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नारायण सिंह निवासी महाराजगंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र उपेंद्र सिंह (उम्र लगभग 25 वर्ष) अपने साथी नरेंद्र सिंह के साथ करमा देखकर लौट रहा था। रास्ते में जयप्रकाश से बातचीत कर रहा था, तभी गांव का रामस्वरूप सिंह वहां पहुंचा और आपत्ति जताते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर रामस्वरूप ने घर से लोहे का पाइप लाकर उपेंद्र सिंह के सिर पर वार कर दिया। गंभीर हालत में उपेंद्र को जिला अस्पताल बलरामपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 127/2025 धारा 103 (1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चौकी गणेशमोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामस्वरूप  पिता सुदेश्वर सिंह (35 वर्ष), निवासी महाराजगंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!