
जशपुर: जशपुर जिले के चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र में महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने वाले आरोपी हरिराम उर्फ हरियर (उम्र 35 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने 10 फरवरी 2025 को चौकी पंडरा पाठ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 जनवरी 2025 को वह अपने घर में अपने छोटे बच्चे के साथ अकेली थी। उस समय उसका पति अपने माता-पिता के घर गया हुआ था। सुबह में उसके देवर और देवरानी, पीड़िता के घर आए और बच्चे को गोद में लेकर अपने घर चले गए। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे गांव के ही आरोपी हरिराम ने महिला को घर में अकेला पाकर जबरन घर में घुसकर उसे जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 351(2), 64, 332(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर कि आरोपी अपने गांव में छिपा हुआ है, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिराम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को 11 फरवरी 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।