रायपुर। आबकारी विभाग में मैनपावर का ठेका एक ही एजेंसी को दिए जाने के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में राज्य में अराजकता और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया तथा क्रिमिनल सिंडिकेट बनाकर काम किया, इसलिए उन्हें हर जगह वही नजर आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में विष्णु देव साय सरकार के तहत सभी टेंडर प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं।

महादेव सट्टा एप मामले में चल रही कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम साव ने कहा कि यह पूरी तरह जांच का हिस्सा है और संपत्तियों का सीज होना प्रक्रिया का अंग है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के नए तौर-तरीके अपनाए थे, जबकि वर्तमान सरकार इस पर सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए नए साइबर थानों की स्थापना भी की जा रही है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश को नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प लेकर सरकार लगातार कार्य कर रही है। बस्तर क्षेत्र में विकास और खुशहाली लाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

रायपुर में घड़ी चौक, तेलीबांधा, गौरव पथ और पंडरी में फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं स्वीकृत हैं और शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए सरकार ठोस योजना के साथ काम कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!