

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम गुमगरा कला में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना धरातल पर फेल होती नजर आ रही है। गांव में पानी टंकी का निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और घर-घर नल कनेक्शन देने का काम तो पूरा कर लिया गया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नलों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के मुताबिक, योजना के तहत लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई पानी टंकी आज सिर्फ शोपीस बनकर रह गई है। गांव के निवासी देव कुमार साहू ने बताया कि टंकी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के बाद से अब तक एक बूंद पानी भी नलों में नहीं आया है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी की समस्या और भी गंभीर हो गई है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
दरअसल स्थिति यह है कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे के घरों में लगे बोर या हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर तक पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या पर भी बुरा असर पड़ रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गांव में कुछ स्थानों पर पानी टंकी का निर्माण अधूरा है, तो कहीं पूरी तरह तैयार होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में जल संकट और गहरा सकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पानी सप्लाई चालू कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर ग्रामीणों को राहत पहुंचाता है।

































