

रायपुर : समेत पूरे छत्तीसगढ़ में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटों में राजधानी का तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में लगभग 4 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है, जिससे पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। 14 अप्रैल के बाद कई इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
इन संभागों में ज्यादा असर, धूप हो रही तीखी
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में गर्मी का प्रभाव अधिक देखने को मिलेगा। आसमान साफ रहने के कारण धूप अब ज्यादा चुभने लगी है। हालांकि अभी तापमान सामान्य से थोड़ा कम है, लेकिन इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रायपुर का अधिकतम तापमान 37 से बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
प्रदेश में शुष्क रहा मौसम, बारिश के आसार नहीं
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। इस अवधि में दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा की गतिविधि नहीं देखी गई।
सिनोप्टिक सिस्टम: इन क्षेत्रों पर सक्रिय है चक्रवाती प्रभाव
वर्तमान में दक्षिण छत्तीसगढ़ से लेकर विदर्भ, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु तक फैले इलाके के ऊपर उत्तर-दक्षिण दिशा में एक गर्त के रूप में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसका प्रभाव आने वाले दिनों में तापमान और मौसम के मिजाज पर पड़ सकता है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

































