

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के अंतर्गत जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर में विविध शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक और वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली, क्विज, चित्रकला एवं मॉडल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस में रंगोली प्रतियोगिता में कुमारी नागेश्वरी राजवाड़े (शास. कन्या उ.मा.वि. सूरजपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चित्रकला में अजय राजवाड़े (शास. उ.मा.वि. देवनगर) और क्विज में डेविड राजवाड़े एवं अखिलेश सिंह (शास. उ.मा.वि. देवनगर) विजेता रहे। मॉडल प्रतियोगिता में आयुष तिवारी (सेजस नवापारा) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इसी तरह जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में रंगोली में कुमारी रोशनी राजवाड़े (शास. उ.मा.वि. देवनगर), चित्रकला में गुनगुन सारथी (शास. कन्या उ.मा.वि. विश्रामपुर), क्विज में माही कुशवाहा एवं भगवती राजवाड़े (शास. कन्या उ.मा.वि. भटगांव) तथा मॉडल प्रतियोगिता में नरेंद्र कुमार (शास. उ.मा.वि. कृष्णपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन भूतपूर्व जिला समन्वयक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस अनु कांडे एवं वर्तमान जिला समन्वयक शंभू प्रसाद निषाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने निर्णायक एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं मेजबान विद्यालय शासकीय कन्या उ.मा.वि. सूरजपुर के शिक्षकों व स्टाफ ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान एवं गणित के प्रति जिज्ञासा, सृजनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में सफल रहा, जिससे जिले की शैक्षणिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली।






















