


रायपुर :में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस अधिकारियों, कलेक्टरों और एसपी के साथ अहम समीक्षा बैठक की। यह बैठक अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर पश्चिम एशिया में बन रहे तनाव को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई।
जरूरी वस्तुओं की सप्लाई पर विशेष नजर
बैठक में रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए और आम लोगों को परेशानी न हो।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस
सीएम साय ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश करने वालों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर नजर रखने और उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता से भी अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें।
ऊर्जा सुरक्षा पर भी मंथन
बैठक में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई, ताकि राज्य में दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस उच्चस्तरीय बैठक में खाद्य, उद्योग, कृषि, खनिज, परिवहन, ऊर्जा विभाग और तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। सरकार का उद्देश्य साफ है कि किसी भी परिस्थिति में आमजन को आवश्यक सेवाओं की कमी का सामना न करना पड़े।

































