बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। रविवार को हाई स्कूल मैदान, बलरामपुर में “स्कूल बसों की विशेष चेकिंग” एवं चालक-परिचालकों के “स्वास्थ्य परीक्षण” शिविर का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित हुआ। शिविर में यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने भाग लिया। जिले के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों की कुल 32 बसों का निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेज जैसे आरसी बुक, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, स्पीड गवर्नर और चालक के लाइसेंस की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान खामियां पाए जाने पर 15 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 10,100 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।शिविर के दौरान 17 वाहन परिचालकों के लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया भी मौके पर ही शुरू की गई, जिसमें आवश्यक दस्तावेज लेकर फॉर्म भरवाए गए। साथ ही फर्स्ट एड किट के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चालक और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें नेत्र जांच, रक्तचाप और मधुमेह की जांच शामिल रही। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित चालकों को नियमित दवा लेने की सलाह दी गई, वहीं कमजोर दृष्टि वाले चालकों को चश्मा पहनने की हिदायत दी गई।

इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी यशवंत कुमार यादव एवं यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन ने बसों में सुरक्षा उपकरणों जैसे अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट आदि का निरीक्षण किया। चालकों को वर्दी पहनने, निर्धारित गति में वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त समझाइश दी गई।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!