अंबिकापुर। शहर में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है, जो अपनी बुलेट बाइक में अवैध रूप से मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकाल रहे हैं।

इस कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ मैकेनिक भी मौजूद हैं, जो मौके पर ही बाइक से मॉडिफाई साइलेंसर निकालकर जब्त कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मॉडिफाई साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण का बड़ा कारण बन रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

यातायात पुलिस ने बताया कि पिछले एक साल के भीतर 500 से अधिक बुलेट बाइकों से मॉडिफाई साइलेंसर हटाए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जिस पर अब सख्ती बढ़ाई गई है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपनी गाड़ियों में अवैध बदलाव न करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!