दुर्ग। पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता को लेकर दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने एक बार फिर सख्त रुख दिखाया है। उन्होंने यातायात विभाग में पदस्थ आरक्षक अर्जुन दुबे को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वहीं, फरियादियों से दुर्व्यवहार के आरोप में एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को लाइन अटैच किया गया है।

आरक्षक अर्जुन दुबे द्वारा सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में ट्रक और छोटे मालवाहक वाहनों से ₹200 से ₹2000 तक की अवैध वसूली की जा रही थी। इस संबंध में व्यापारियों ने पूर्व में ही यातायात प्रभारी एएसपी ऋचा मिश्रा को शिकायत सौंपी थी। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद एसएसपी अग्रवाल ने दुबे को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।

विभागीय जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दुबे ने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से ₹5600 की राशि अपने बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते में ली थी। जांच अधिकारी एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित किए।

एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के दौरान आरक्षक दुबे को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, परंतु उसने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इससे पहले भी उसे ड्यूटी में लापरवाही के चलते वेतनवृद्धि रोकने की सजा दी जा चुकी थी। अंततः पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 221(क) के तहत उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।उधर, स्मृति नगर चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को फरियादियों से दुर्व्यवहार की शिकायतों पर रक्षित केंद्र (लाइन) अटैच किया गया है। जांच में दोनों पर लगे आरोप सही पाए गए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!