


सूरजपुर: कुदरगढ़ महोत्सव में सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के साथ-साथ खेलों का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महोत्सव परिसर में आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता ने दर्शकों मंत्रमुग्ध कर दिया है। कई प्रदेशों से पधारे पहलवानों के दाँव-पेंच और कसी हुई टक्करों ने दर्शकों को रोमांच की चरम सीमा पर पहुँचा दिया।
इसके साथ ही जिला स्तरीय वॉलीबाल और कबड्डी प्रतियोगिता भी पूरे जोश के साथ जारी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी अपने दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं और दर्शक भी इन प्रतियोगिताओं का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
कल होगा मल्लखम्ब का शौर्य प्रदर्शन
महोत्सव के अंतिम और सबसे यादगार दिन 25 मार्च को पामगढ़ के मल्लखम्ब खिलाड़ी अपने अद्भुत कौशल से दर्शकों को दंग कर देंगे। लकड़ी के खड़े खंभे पर योग, शक्ति और साहस का अनोखा संगम प्रस्तुत करने वाले इस प्राचीन पारंपरिक खेल को देखने के लिए जिलेवासियों में गजब का उत्साह है।मल्लखम्ब केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारत की ल गौरवशाली शारीरिक संस्कृति की जीवंत विरासत है। पामगढ़ के युवा खिलाड़ी जब खंभे पर चढ़कर अपनी कलाबाजियाँ प्रस्तुत करेंगे, तो निश्चित ही यह दृश्य दर्शकों के मन में लंबे समय तक अमिट रहेगा।जिला प्रशासन एवं महोत्सव आयोजन समिति ने जिलेवासियों से 25 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साक्षी बनने का आग्रह किया है।































