कोरिया (अभिषेक सोनी)। आगामी अंतराष्ट्रीय महिला दिवस  के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन कोरिया में पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों के लिए विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे उपस्थित रहीं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

पुलिस लाइन परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता और कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के संचालन को व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए महिला रेफरी को आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर संजू ठाकुर, लीलावती सिंह, शकुंतला लकड़ा, लक्ष्मी साहू तथा मधुलता ध्रुव ने रेफरी की भूमिका निभाते हुए प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया।

कबड्डी प्रतियोगिता में टीम ‘सी’ विजेता रही, जिसमें पूर्णिमा सीदार, रंजू सिंह, ज्वाला साहू, रंजना, कांति, आंचल, सुनैना चंदा और रीता शामिल थीं। कुर्सी दौड़ (महिला वर्ग) में अंजना साय ने प्रथम, पूर्णिमा सीदार ने द्वितीय तथा सुनैना सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता (महिला वर्ग) में मंजु केवट एवं कविता सोनवानी प्रथम, ललिता सिंह एवं सुप्रिया यादव द्वितीय तथा गार्गी तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं थाल एवं गोपाल सजाओ प्रतियोगिता में गार्गी तिवारी प्रथम, सभ्या तिवारी द्वितीय और अरुणा लकड़ा तृतीय स्थान पर रहीं।

रंगोली प्रतियोगिता (बाल वर्ग) में जेनिफर, कनिष्क, आयुषी और अनिष्का ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मौरी, श्रद्धा, नित्या और तमन्ना द्वितीय स्थान पर रहीं। अंशिका कश्यप ने तृतीय तथा गुनगुन, पलक और स्नेहा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।इन सभी प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक महिलाओं और बच्चियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।संपूर्ण आयोजन के दौरान पुलिस परिवार में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनके योगदान को पहचान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं और बच्चियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!