छत्तीसगढ़ : के शैक्षणिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में एक नई अंतरिक्ष क्रांति की शुरुआत होने जा रही है। राज्य का पहला अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र राजधानी रायपुर में खुलने जा रहा है। इस स्पेस सेंटर का ब्रांड एंबेसडर गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे।

राज्य में पहली बार छात्र इस केंद्र के माध्यम से रॉकेट भेजने, सैटेलाइट बनाने और उसे ट्रैक करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, छात्रों को अंतरिक्ष अनुसंधान और उपग्रह तकनीक के क्षेत्र में सीधे प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशासन की जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन और आईडीवायएम फाउंडेशन की पहल के साथ सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड इस परियोजना का समर्थन कर रहा है। यह पहल “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के अंतर्गत की जा रही है।

नवा रायपुर में स्थापित यह स्पेस सेंटर 3 फरवरी को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी उपस्थित रहेंगे और छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। छात्रों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे उपग्रह निर्माण, परीक्षण और संचालन की वास्तविक प्रक्रिया को भी नजदीक से समझ सकेंगे।

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के अनुसार यह अंतरिक्ष केंद्र अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ के छात्र अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक स्पेस रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे। यह पहल राज्य के युवाओं को वैश्विक स्पेस टेक्नोलॉजी हब से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!